दिलीप कुमार से मज़ाक
"शादी कब करेगा तू? क्यों नहीं कर लेता शादी?" प्राण साहब अक्सर दिलीप कुमार से मज़ाक में कहते थे। और दिलीप कुमार बस हंसकर रह जाते थे। ये तब की बात है जब दिलीप कुमार और सायरा बानो की शादी नहीं हुई थी। और दिलीप कुमार और सायरा बानो की शादी का दिन आया तो प्राण साहब तब एक फ़िल्म की शूटिंग के सिलसिले में कश्मीर गए हुए थे। और उन्हें उसी दिन बॉम्बे वापस लौटना था। बॉम्बे लौटते ही वो दिलीप-सायरा की शादी में जाने वाले थे। मगर ठीक उस दिन ही श्रीनगर में एक बर्फ़ीला तूफ़ान आ गया।
वो तूफ़ान इतना बड़ा था कि श्रीनगर का एयर ट्रैफ़िक भी उस तूफ़ान से बुरी तरह प्रभावित हुआ। मगर कुछ देर बाद तूफ़ान खत्म हो गया और हवाई जहाज़ के उड़ने लायक मौसम हो गया। जहाज़ एक घंटे की देरी से टेकऑफ़ करने को तैयार था। लेकिन अब तक अधिकतर मुसाफ़िर इतने घबरा चुके थे कि सबने जहाज़ में बैठने से इन्कार कर दिया। पर प्राण साहब को तो बॉम्बे जाना था। हर हाल में जाना था। उनके दोस्त की शादी जो थी। तो प्राण साहब जाकर जहाज़ में बैठ गए। उस दिन वो जहाज़ अकेले प्राण साहब को लेकर श्रीनगर से बॉम्बे आया था।
दिलीप कुमार की बारात निकलने से ठीक एक घंटे पहले प्राण साहब उनके घर पहुंच गए थे। प्राण साहब को देखते ही दिलीप कुमार ने उन्हें गले से लगा लिया। और वो बार-बार प्राण साहब को गले लगाते रहे। क्योंकि उन्हें लग रहा था कि प्राण मुश्किल ही आ पाएंगे उनकी शादी में श़रीक होने। दिलीप कुमार और सायरा बानो की शादी धूमधाम से हुई। तमाम बारातियों के साथ प्राण साहब ने भी उस शादी में खूब डांस किया। इस तरह प्राण साहब के लिए दिलीप कुमार की शादी का दिन हमेशा के लिए यादगार बन गया। ये किस्सा सायरा बानो जी ने एक दफ़ा अपने इंस्टाग्राम हैंडल के ज़रिए शेयर किया था।
Comments
Post a Comment