उमराव जान किस्सा tv से साभार
मुज़फ्फर अली जब उमराव जान बनाने की प्लानिंग कर रहे थे तब उनके ज़ेहन में हीरोइन की छवि पहले से ही आ गई थी। उन्हें एक ऐसी हीरोइन चाहिए थी जिसमें अदा और नज़ाकत हो। मुज़फ्फर अली को एक ऐसी हीरोइन की तलाश थी जो किसी शायरा और एक तवायफ़, दोनों तरह के किरदारों में फिट लगे। एक दिन उन्होंने रेखा की तस्वीरें एक मैगज़ीन में देखी। उन्हें रेखा में वो दोनों खूबियां दिखी जो उन्हें अपनी फिल्म उमराव जान की हीरोइन के लिए चाहिए थी। किसी ने जब मुज़फ्फर अली से पूछा कि रेखा में उन्हें क्या खास लगा। उन्होंने जवाब दिया, उनकी आंखें।
आज उमराव जान फिल्म के 44 साल पूरे हो गए। ये फिल्म रिलीज़ हुई थी 2 जनवरी 1981 के दिन। उमराव जान को डायरेक्ट व प्रोड्यूस किया था मुज़फ्फर अली ने। और इस फिल्म का संगीत दिया था खय्याम साहब ने। रेखा जी के साथ काम करना मुज़फ्फर अली के लिए कतई आसान नहीं था। कई दफ़ा ऐसा हुआ था जब रेखा अचानक ही सेट से गायब हो जाती थी। जबकी उनके अहम दृश्य शूट होने होते थे। कहा जाता है कि रेखा उस सुपरस्टार से मिलने चली जाती थी जिसके साथ उन दिनों उनका कथित अफ़ेयर चल रहा था। और कमाल देखिए। रेखा जी को उमराव जान के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था। वैसे, खय्याम साहब को उनके म्यूज़िक के लिए बेस्ट म्यूज़िक डायरेक्टर व दिल चीज़ क्या है गीत के लिए आशा भोसले जी को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का नेशनल अवॉर्ड मिला था।
उमराव जान फिल्म का संगीत इसका बेहद मजबूत पक्ष था। खय्याम साहब को उनकी शानदार धुनों के लिए खूब सराहा, सम्मानित किया गया था। और ये बात भी सच है कि खय्याम साहब इस फिल्म का संगीत कंपोज़ करने के लिए डायरेक्टर मुज़फ्फर अली की पहली चॉइस नहीं थे। मुज़फ्फ़र अली संगीतकार जयदेव जी से उमराव जान का संगीत कंपोज़ कराना चाहते थे। जयदेव जी भी पूरी तैयारी कर चुके थे। कहा जाता है कि जयदेव जी ने तो कुछ गीत कंपोज़ भी कर लिए थे। मगर मुज़फ्फ़र अली से उनकी बात बिगड़ी तब जब जयदेव जी ने गायिका मधूरिमा से इस फिल्म के गीत गवाने की बात कही। मुज़फ्फ़र अली को हर हाल में आशा भोसले जी से इस फिल्म के गीत गवाने थे। सो, उन्होंने जयदेव जी को मना कर दिया। फिर मुज़फ्फ़र अली ने नौशाद साहब से बात की। मगर किन्हीं कारणों से नौशाद से उनकी बात बन ना पाई। आखिरकार वो खय्याम साहब के पास गए। और ये फिल्म खय्याम साहब को मिल गई। #Rekha #umraojaan #umraojaan1981
Comments
Post a Comment