राजीव वर्मा किस्सा tV से साभार
ये हैं बच्चन साहब के साढू जी। सलमान खान के ऑन स्क्रीन पप्पा। फिल्म मैंने प्यार किया में सलमान खान के घमंडी पिता का किरदार इन्होंने ही निभाया था। इनकी पत्नी रीता वर्मा बच्चन साहब की साली साहिबा हैं। यानि जया बच्चन जी की बहन हैं। कुछ लोग गलतफहमी में एक्ट्रेस स्वर्गीय रीता भादुड़ी को इनकी पत्नी मान लेते हैं। लेकिन वो रीता भादुड़ी एकदम अलग हैं। और ये गलतफहमी होती है जया भादुड़ी( जो कि अब बच्चन हैं) और रीता भादुड़ी का एक जैसा सरनेम होने की वजह से। उस पर भी जया जी की सगी छोटी बहन का नाम भी रीता ही है। लेकिन एक्ट्रेस रीता भादुड़ी और जया बच्चन की बहन रीता दोनों अलग हैं।
खैर, बात करते हैं राजीव वर्मा जी के बारे में। क्योंकि आज इनका जन्मदिन है। 28 जून 1949 को होशंगाबाद में राजीव जी का जन्म हुआ था। ये डेढ़-दो साल के ही थे जब इनके पिता परिवार सहित भोपाल शिफ्ट हो गए थे। इनके पिता होशंगाबाद में वकालत की प्रैक्टिस करते थे। वास्तव में इनके पिता होशंगाबाद से भोपाल मुख्य शहर नहीं, अपने पुश्तैनी गांव मंडीदीप लौटे थे। आज मंडीदीप कोई गांव नहीं, बल्कि भोपाल के पास स्थित एक विशाल इंडस्ट्रियल एरिया है। राजीव वर्मा जी का बचपन मंडीदीप में गुज़रा। चूंकि वहां रामलीला का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाता था, तो राजीव वर्मा जी को भी बचपन से ही रामलीला देखने का शौक था।
मंडीदीप का रामलीला स्थल ही वास्तव में वो जगह रही जहां राजीव वर्मा के भीतर एक कलाकार ने जन्म लिया। उस वक्त इन्हें भी कभी-कभार वानर सेना का हिस्सा बनने का मौका मिल जाता था। और कभी-कभी तो सीता स्वंयवर में आए अनेकों राजाओं में से एक राजा भी ये बन जाते थे। हालांकि उस उम्र में इन्होंने ये कभी नहीं सोचा था कि एक दिन ये रंगकर्म के नामी कलाकार बनेंगे। या फिल्मी दुनिया का में मशहूर हो जाएंगे। पर जैसा कि मैंने कहा, कि मंडीदीप के रामलीला स्थल पर ही राजीव वर्मा जी के भीतर एक कलाकार का जन्म हुआ था।
तो उसकी शुरुआत कुछ ऐसे हुई कि रामलीला में मुख्य किरदार निभाने वाले कलाकार इनके आस-पड़ोस के लोग ही हुआ करते थे। रामलीला खत्म होने के बाद उन लोगों का बड़ा जलवा गांव में हो जाता था। राजीव वर्मा को आभाष हुआ कि रामलीला के बाद बड़े किरदार निभाने वाले लोग बड़े लोकप्रिय हो जाते हैं। फिर तो इन्हें जब भी मौका मिलता, ये बढ़-चढ़कर रामलीला में हिस्सा लेते। स्कूल में होने वाले नाटकों में भी काम करते। कॉलेज में आए तो वहां भी नाटकों का सिलसिला जारी रखा।
यहां ये बताना भी ज़रूरी है कि भोपाल के मौलाना आज़ाद नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से राजीव वर्मा जी ने आर्किटेक्चर की पढ़ाई की थी। यहां पढ़ाई के साथ-साथ ये विभिन्न सांस्कृति कार्यक्रमों में नाटक करते रहते थे। इन्होंने ऑल इंडिया रेडियो में बतौर वॉइस ड्रामा आर्टिस्ट भी काम किया। तभी मध्य प्रदेश के नगर एंव ग्राम निवेश विभाग में राजीव वर्मा जी को नौकरी भी मिल गई। सरकारी नौकरी। इस नौकरी के दौरान भी फ्री टाइम में राजीव वर्मा रंगकर्म किया करते थे। वो नौकरी राजीव वर्मा जी ने लगभग 23 सालों तक की थी।
थिएटर जगत में राजीव वर्मा जी का अच्छा नाम हो गया था। इसी दौरान मध्य प्रदेश सरकार ने इन्हें दिल्ली भेजा ताकि ये मास्टर्स की डिग्री ले सकें। दो सालों तक ये दिल्ली में मास्टर्स की पढ़ाई करते रहे। ठीक इसी वक्त दूरदर्शन पर टीवी शोज़ बनने का दौर शुरू हो गया। दिल्ली में एक प्रोड्यूसर से इनकी मुलाकात हुई। वो प्रोड्यूसर शिक्षा व्यवस्था पर एक शो बनाने की प्लानिंग कर रहे थे जिसका नाम था चुनौती। इत्तेफाक से वो प्रोड्यूसर भोपाल में इनके द्वारा किया गया एक नाटक देख चुके थे। वो इनके टैलेंट से अच्छी तरह से वाकिफ थे।
उस प्रोड्यूसर ने राजीव वर्मा जी को चुनौती शो में एक अहम किरदार ऑफर किया जिसे इन्होंने स्वीकार भी कर लिया। और इस तरह राजीव वर्मा जी की अभिनय की ये वाली पारी भी शुरू हो गई। बाद में चुनौती के वो प्रोड्यूसर इनके रिश्तेदार भी बने। राजीव वर्मा जी की छोटी बहन की शादी उनसे हुई। यानि वो राजीव वर्मा के बहनोई हो गए। खैर, चुनौती में राजीव वर्मा जी के काम को बहुत पसंद किया गया। इनका चेहरा देशभर में मशहूर हो गया। चुनौती में ये कॉलेज प्रिंसिपल के किरदार में दिखे थे।
चुनौती से मशहूर हुए तो राजीव वर्मा जी को फिल्मों में काम करने के ऑफर्स भी मिलने लगे। इन्हें मैंने प्यार किया फिल्म मिल गई। फिर तो इन्होंने खुद को पूरी तरह से एक्टिंग की दुनिया को समर्पित कर दिया। और तकरीबन आठ सालों तक सरकारी नौकरी व अभिनय साथ-साथ करने के बाद आखिरकार राजीव वर्मा जी ने अपनी नौकरी से वीआरएस ले लिया। जिस समय राजीव वर्मा जी ने मैंने प्यार किया फिल्म में सलमान के पिता का किरदार निभाया था उस वक्त इनकी उम्र 36-37 साल ही थी। इसलिए जब पहली दफा इन्हें फिल्म में काम करने का ऑफर मिला था तो इन्हें लगा था कि शायद कोई हीरो का रोल इन्हें मिलने वाला है। मगर बाद में पता चला कि इन्हें तो पिता का रोल करना है।
राजीव वर्मा जी ने कई फिल्मों व टीवी शोज़ में काम किया है। हालांकि अब ये एक्टिंग से ज़रा दूर हैं। लेकिन एक वक्त आया था जब फिल्मों से ये बोर हो गए थे और सिर्फ टीवी शोज़ में ही काम करना शुरू कर दिया था। बात अगर राजीव जी की निजी ज़िंदगी के बारे में करें तो जया बच्चन जी की छोटी बहन रीता जी से राजीव वर्मा जी की शादी हुई है। रीता जी से इनकी मुलाकात थिएटर के दिनों में हुई थी। रीता जी भी तब थिएटर किया करती थी। राजीव वर्मा के फिल्मों में आने से काफी पहले ही इन दोनों की शादी हो चुकी थी। इनके दो बेटे हैं। इनका एक बेटा शिलादित्य वर्मा थिएटर की दुनिया से जुड़ा है। और दूसरा बेटा तथागत वर्मा सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। राजीव वर्मा जी को किस्सा टीवी की तरफ से जन्मदिन की शुभकामनाएं। #rajeevverma #actorrajeevverma #happybirthday
Comments
Post a Comment